दस हजार रुपये से भी ज्यादा पहुंच गई बिल राशि
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में कई महीनों से कूड़ा शुल्क न चुकाने वाले 250 भवन मालिकों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। नगर निगम ने इनकी सूची तैयार कर ली है। जल्द ही इन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। यह वह भवन मालिक हैं जिनका कूड़ा शुल्क 10 हजार रुपये से भी ज्यादा हो गया है।
सुपरवाइजरों के कई बार कहने के बावजूद यह लोग शुल्क जमा नहीं कर रहे हैं। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने वीरवार को सुपरवाइजरों की बैठक ली। पूछा कि जुलाई के महीने में कूड़ा शुल्क की रिकवरी कितनी हुई है। सुपरवाइजरों ने बताया कि ज्यादातर वार्डाें से 80 फीसदी से ज्यादा रिकवरी हो चुकी है। अतिरिक्त आयुक्त ने इसे और बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि जो लोग महीनों से शुल्क नहीं दे रहे, उनकी सूची तैयार की जाए। इनके बिजली और पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। जल्द ही आयुक्त से इसकी मंजूरी ली जाएगी। शहर में सैहब सोसायटी के कर्मचारी रोजाना 60 हजार से ज्यादा घरों, दुकानों और संस्थानों से कूड़ा उठाते हैं। नगर निगम इन्हें हर माह बिल भी जारी करता है। शहर में दस हजार से ज्यादा लोग ऐसे हैं जो समय पर बिल नहीं दे रहे हैं। इनमें भी कई तो ऐसे हैं जो कई साल से शुल्क नहीं चुका रहे। अब नगर निगम ने इन पर सख्ती की तैयारी कर ली है। अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि डिफॉल्टरों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे।