हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अपने संबद्ध कॉलेजों के साथ दूरवर्ती शिक्षण संस्थान सेंटर फोर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजूकेशन (सीडीओई) की स्नातक डिग्री में एक साथ एनईपी-2020 लागू करने की तैयारी में है। विश्वविद्यालय संबद्ध डिग्री कॉलेजों में यूजी डिग्री का एक साल का पाठ्यक्रम तैयार कर इसे अंतिम मंजूरी देने जा रहा है। इसके साथ ही दूरवर्ती शिक्षण संस्थान में नए सत्र में नीति के लागू करने के लिए छात्रों को दिए जाने वाले स्टडी मेटिरियल को भी नए पाठ्यक्रम के अनुसार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। एचपीयू ने अभी तक यूजी के लिए सिर्फ एक साल का पाठ्यक्रम ही तैयार किया है। सीडीओई की निदेशक प्रो. संजू करोल ने विवि के डीएस से हर विषय के एनईपी के तहत बनाए कम से कम दो साल के पाठ्यक्रम देने की मांग की है। इससे पाठ्यसामग्री तैयार की जा सके और इसे डेब के समक्ष बैच बिठाने को अनुमति लेने समय दिखाया जा सके। डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजूकेशन में बीए और बी कॉम डिग्री कोर्स में छात्रों को रेगुलर के मुकाबले विषयों के केबिनेशन को पढ़ने की च्वॉयस कम मिलती है। सीडीओई अब तक छात्रों को प्रवेश के समय ही पढ़ने को सामग्री उपलब्ध करवाता है। अब इसे ऑनलाइन भी तैयार कर उपलब्ध करवाया जाने लगा है।