नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सूबे की राजनीति पर चर्चा की। धूमल ने पीएम का सस्ती उड़ानों के लिए आभार जताया। उन्होंने पीएम से कहा कि 27 अप्रैल को होने वाली रैली के लिए प्रदेशवासियों में भारी उत्साह है। बेसब्री से रैली का इंतजार किया जा रहा है।
धूमल ने प्रधानमंत्री से एम्स, आईआईएम सिरमौर, केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा और हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर के शिलान्यास की मांग की। उन्होंने हिमाचल में रेलवे के विस्तारीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण व विशेष राज्य सहित केंद्रीय सहायता व अनुदान में भारी बढ़ोतरी के लिए भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
आईजीएमसी शिमला में सुपर स्पेशियलिटी के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान और शिमला में स्किल डेवलपमेंट के सुदृढ़ीकरण के लिए टेक्निकल इंस्टीट्यूट खोलने के लिए भी आभार जताया। मुलाकात के दौरान धूमल ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा की सरकार बनने पर बधाई भी दी।