कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन का आयोजन किया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रतिभा सिंह ने पार्टी को विघटनकारी ताकतों के खिलाफ राहुल गांधी की आवाज को बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिस प्रकार संविधान से छेड़छाड़ कर देश का नाम बदलने तक का प्रयास कर रही है, उसके खिलाफ लोगों को जागृत करने के लिए आवाज बुलंद करना होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भाईचारे को बढ़ावा देने, विभाजनकारी राजनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर वर्ष 7 सितंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा को शुरू किया था। उन्होंने इस दौरान 4080 किलोमीटर, 12 राज्यों, 2 केंद्र शासित राज्यों, देश के 75 जिलों व 76 लोकसभा क्षेत्रों से होकर 130 दिनों तक पदयात्रा की थी।
उन्होंने पार्टी नेताओं को एकजुट होकर राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने का आग्रह करते हुए कहा कि देश को कांग्रेस से बड़ी उम्मीदें हैं, जिन्हें उन्हें हर हाल में पूरा करना है। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ धनी राम शांडिल ने कहा कि कांग्रेस का अपना इतिहास है। पार्टी के नेताओं ने राष्ट्र की एकता व अखंडता को कायम रखने के लिए कुर्बानियां दी है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं शिमला जिला के कार्यक्रम कॉर्डिनेटर केहर सिंह खाची ने कांग्रेसजनों का अभिनंदन किया। सम्मेलन में मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आनन-फानन में बुलाया लोस का विशेष सत्र : प्रतिभा
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि केंद्र सरकार ने आननफानन में लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया है। विपक्ष को अब तक इस सत्र के एजेंडे की जानकारी नहीं है। अभी उड़ती-उड़ती खबर सुनी है कि लोकसभा का सत्र बुलाया जा रहा है। इसका मकसद क्या है। यह अभी स्पष्ट नहीं है। इंडिया का नाम बदलकर भारत रखने पर उन्होंने कहा कि लोग अब पढ़े लिखे हैं। सब जानते हैं कि इंडिया और भारत दोनों ही नाम हमारे देश के हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के साथ 24 दल एक मंच पर आए हैं। सभी को मोदी सरकार से घुटन महसूस हो रही है। मोदी सरकार महंगाई, बेरोजगारी, काला धन, प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये जैसे मुद्दे पर बात नहीं कर रही। इसके चलते सभी दलों ने मिलकर इंडिया बनाया है, जो मोदी सरकार को 2024 में सत्ता से बाहर करेगा।