शिमला। विश्व अंगदान जागरूकता दिवस पर रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस ने एचपीयूआईएलएस, आवा लॉज, चौड़ा मैदान में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 150 से अधिक छात्रों ने भाग लिया और अंगदान के महत्व को समझा। कार्यक्रम में राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एसओटीटीओ) के नरेश कुमार भंडारी मुख्य अतिथि और संसाधन व्यक्ति के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों की स्थिति में अंग प्रत्यारोपण मरीजों के लिए जीवन की अंतिम उम्मीद बन सकता है। भंडारी ने कहा कि हर अंगदाता के पीछे एक ऐसा परिवार होता है, जो अपने गहरे दुख के बावजूद दूसरों को जीवन देने का साहसिक निर्णय लेता है। कार्यक्रम में छात्रों ने अंगदान की शपथ लेने के महत्व को भी समझा। रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस की अध्यक्ष हरप्रीत सेम्बी ने एचपीयूआईएलएस कॉलेज प्रशासन और नरेश कुमार भंडारी का आभार व्यक्त किया। क्लब की पूर्व अध्यक्ष पूजा गोयल सहित अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। संवाद