कोरोना वायरस के चलते लगे लॉकडाउन में अब डाक विभाग आपको घर बैठे पैसा पहुंचाएगा। डाक विभाग की पोस्ट इन्फो मोबाइल ऐप पर रिक्वेस्ट भेजने से यह संभव हो सकेगा। इस सेवा के जरिये डाकघर से ही नहीं बल्कि बैंक खातों से भी पैसा लोगों को घर बैठे मिल सकेगा। हालांकि इस सेवा का लाभ लेने के लिए बैंक राष्ट्रीयकृत होना और खाता आधार लिंक अनिवार्य होगा। बायोमेट्रिक आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के जरिये दस हजार रुपये तक लोगों को घर बैठे उपलब्ध करवाए जाएंगे।
पोस्ट इन्फो ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप से सर्विस रिक्वेस्ट डालते समय उपभोक्ता को अपना पूरा नाम, पता, ई-मेल, मोबाइल नंबर डाल कर सर्विस ऑप्शन को चयनित कर सेवा का विवरण बताना होगा। रिक्वेस्ट अप्रुव होने पर उपभोक्ता को ओटीपी के माध्यम से सूचित किया जाएगा। रिक्वेस्ट आने के बाद डाक कर्मी लोगों को उनके घरों पर पैसे उपलब्ध करवाएंगे।
पोस्ट इन्फो ऐप के जरिए घर बैठे प्राप्त करें पैसे ऱ् हरदेव
जीपीओ शिमला के सीनियर पोस्ट मास्टर हरदेव शर्मा ने बताया कि कोविड-19 के चलते लॉकडाउन के दौरान लोग घर बैठे पोस्ट इन्फो ऐप पर सर्विस रिक्वेस्ट भेजकर पैसे प्राप्त कर सकते हैं। बायोमेट्रिक आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के जरिये लोग अपने बैंक खातों से भी इस सेवा के जरिये पैसे प्राप्त कर सकते हैं।
घर से ही जमा हो जाएगा पीपीएफ और आईडी
पोस्ट इन्फो ऐप पर रिक्वेस्ट भेजने से लोग इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का अकाउंट भी घर बैठे खोल सकेंगे। ऐप पर रिक्वेस्ट भेजने के बाद डाक कर्मी आपके घर आकर खाता खुलेगा। पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता होने पर आप घर बैठे अपने पीपीएफ की किश्त, सुकन्या समृद्धि योजना की किश्त और अपनी आरडी घर बैठे जमा करवा सकेंगे। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के अकाउंट से इन तीनों सेवाओं में पैसा जमा हो जाएगा।