कानून व्यवस्था के लिए जगह-जगह की जांच
बाजारों में स्थिति का लिया जायजा, लोगों की समस्याएं जानीं
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला पुलिस ने रविवार को शहर के मालरोड समेत प्रमुख बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी और अधिकारी मौजूद रहे।
एएसपी मेहर पंवार की अगुवाई में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने जगह-जगह जांच भी की। पुलिस विभाग के अनुसार फ्लैग मार्च का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना है। इसके तहत मालरोड, मिडिल बाजार, लोअर बाजार, राम बाजार और कृष्णानगर क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहरी) शिमला मेहर पंवार, पुलिस उप अधीक्षक (मुख्यालय) शिमला, थाना प्रभारी सदर, पुलिस चौकी लक्कड़बाजार प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और शहरवासियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। इसके साथ ही लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी दर्ज कराना, कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना, असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना और आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना था।