प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-3 के तहत हिमाचल प्रदेश के लिए 254 नई सड़कों की मंजूरी मिली है। कांगड़ा में 53, शिमला 45, सोलन 25, मंडी 23, हमीरपुर 22, चंबा 20, बिलासपुर 19, ऊना 18, सिरमौर 12, कुल्लू 10 और लाहौल स्पीति में सात सड़कें बनाई जाएंगी। इन सड़कों के निर्माण के लिए 2643.01 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। केंद्र सरकार 2372.59 जबकि राज्य सरकार 270.42 करोड़ रुपये वहन करेगी। इन सड़कों की लंबाई 2682.934 किलोमीटर होगी।
विज्ञापन
शिमला जिला के जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 182 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने दो महीने पहले इन सड़कों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा था। राज्य में आपदा के चलते लोक निर्माण विभाग को करोड़ों का नुकसान हुआ है। इन सड़कों के बनने से लोगों को फायदा होगा। ये सड़कें वैकल्पिक मार्ग के तौर पर उपयोग में लाई जा सकेंगी। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने 254 सड़कों की स्वीकृति मिलने की पुष्टि की है।
वहीं, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के हितों को केंद्र सरकार के समक्ष जोरदार ढंग से उठाया जा रहा है।
विज्ञापन
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज से भेंट कर यह राशि शीघ्र स्वीकृत करने का आग्रह किया गया था। विक्रमादित्य ने गिरिराज और हिमाचल के हितों की पैरवी करने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू का आभार जताया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए सबसे ज्यादा 182 किलोमीटर सड़कें मंजूर करने पर मुख्यमंत्री सुक्खू का आभार जताया है।
अनुराग ने जताया आभार
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं युवा व खेल मामले मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 254 परियोजनाएं स्वीकृत करने पर पीएम मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह का आभार प्रकट किया है। अनुराग ने कहा कि बीते 8 अगस्त को उन्होंने नैना देवी के विधायक रणधीर शर्मा के साथ गिरिराज सिंह से मिलकर बाढ़ व बारिश से हिमाचल में सड़कों के टूटने का विषय उठाया था। इस दौरान सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग की गई थी।