प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन अक्तूबर को बिलासपुर में एम्स का शिलान्यास करने के साथ जिला ऊना में इस बड़े संस्थान का भी शिलान्यास करेंगे। जी हां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सलोह में बनने वाली ट्रिपल आईटी एवं जिला कांगड़ा के कंदरोड़ी के स्टील प्लांट का भी शिलान्यास करेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे में विकास कार्यों के शिलान्यास को लेकर हुए बदलाव की जानकारी दी। सत्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जिला ऊना और कांगड़ा का यह शिलान्यास कार्यक्रम भी जोड़ा गया है। इसकी प्रधानमंत्री कार्यालय से पुष्टि भी कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि अब बिलासपुर में तीन विकास कार्यक्रमों का एक साथ शिलान्यास होगा। इससे हिमाचल के विकास को और गति मिलेगी। सत्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास को लेकर यादगारी दौरा बिलासपुर, ऊना और कांगड़ा जिले के साथ पूरे हिमाचल के लिए बन जाएगा।
सत्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो अन्य शिलान्यास के कार्यक्रम तय करने पर आभार व्यक्त किया। कहा कि अब जल्द ट्रिपल आईटी, जिसे कांग्रेस महज बातों में उलझा रही थी, उसका रास्ता साफ हो गया है। कंदरोड़ी के स्टील प्लांट को लेकर भी रास्ता साफ हो जाएगा।
इससे अनेक लोगों को रोजगार मिलेगा और ट्रिपल आईटी शुरू में युवाओं को पढ़ने के अनेक पाठ्यक्रम मिलेंगे। सत्ती ने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है। विकास ही केंद्र सरकार का लक्ष्य है और आने वाले समय में हिमाचल में भाजपा की सरकार का लक्ष्य विकास रहेगा और विकास से ही आगे बढ़ा जाएगा।