प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर के दूसरे पखवाड़े में हिमाचल के दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान प्रदेश में मौसम साफ भी रहता है। ऊर्जा मंत्रालय ने पीएम ऑफिस को कोल डैम और रामपुर हाइड्रो प्रोजेक्टों का शिलान्यास करने के लिए पत्र भेजा है। सूत्रों के मुताबिक निदेशक हाइड्रो ऊर्जा मंत्रालय रेणुका कुमार भी एनजेपीसी के प्रोजेक्टों का दौरा कर चुकी हैं।
रामपुर और कोलडैम प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं और इनमें बिजली उत्पादन जारी है। प्रोजेक्टों के अधिकारियों को इस बाबत अवगत करवा दिया गया है। साथ ही प्रोजेक्टों में मरम्मत, रंग-रोगन और अन्य मेंटेनेंस के काम शीघ्र पूरा करने को कहा गया है। इन दिनों एनजेपीसी के रामपुर और झाकड़ी प्रोजेक्टों में मरम्मत का कार्य जोर-शोर से चल रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने समीक्षा कर ली है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों से भी आपात स्थिति से निपटने को जरूरी प्रबंध करने के लिए कहा गया है। पीएम मोदी पहले कोल डैम और फिर रामपुर प्रोजेक्ट देश को समर्पित करेंगे। इससे पहले बिलासपुर में एम्स और हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। अगर प्रधानमंत्री का एक दिन का हिमाचल दौरा होगा तो वे रामपुर प्रोजेक्ट का वीडियो कांफ्रेंसिंग से उद्घाटन कर सकते हैं।
प्राथमिकता के तौर पर प्रधानमंत्री के लिए रामपुर (शिंगला), झाकड़ी या अवेरी पट्टी (सैन्य क्षेत्र) में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग हो सकती है। विकल्प के तौर पर सराहन या फिर कुमारसैन में हेलीकॉप्टर लैंडिंग की व्यवस्था पर चर्चा की जा चुकी है। रामपुर प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक सुरेश ठाकुर कहते हैं कि फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की कोई लिखित सूचना नहीं मिली है। बरसात के बाद मेंटेनेंस का काम किया जाता है।