सब उड़ेंगे, सब जुड़ेंगे...। आम उड़ान है, आम आदमी भी उड़ेगा... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बात वीरवार को जुब्बड़ हट्टी एयरपोर्ट में उड़ान योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि गरीबों की पहचान चप्पल से है। हवाई चप्पल वाले लोग अब हवा में उड़ेंगे।
उन्होंने कंपनियों को बरोसा दिलाया कि उनसे रॉयल्टी चार्ज नहीं की जाएगी। केंद्र सरकार एक साल के भीतर 30 और एयरपोर्ट इस योजना से जोड़ेगा। हिमाचल से 25 सौ रुपये में यह सस्ती हवाई सेवाएं शुरू हो गई है।
वहीं इस योजना के लॉन्च होते ही लोगों में इसे बुक करवाने की होड़ मच गई। सूचना के अनुसार पहले दिन ही दिल्ली से शिमला आने के लिए अगले एक महीने की सीटें बुक हो गई। ये हवाई सेवा हफ्ते में पांच दिन मिलेगी जिसका सैलानी कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल से ज्यादा लगाव है इसलिए इस सेवा को शुरू करने के लिए शिमला स्थान चूना गया है। उड़ान योजना से आम आदमी को फायदा मिलेगा। धीरे - धीरे लोगों के लिए यह योजना वरदान साबित होगी।
इस योजना को शुरू करने से जहां हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी प्रदान होंगे। होटल, टैक्सी कारोबारी, दुकानदार सहित बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानियों को इसका फायदा मिलेगा।
हिमाचल पर्यटन नगरी है। सस्ती सेवाएं शुरू होने से हिमाचल के लिए पर्यटक खींचे चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो भी पर्यटक एक बार हिमाचल आता है वह बार बार यहां आने की सोचता है लेकिन एयर सुविधा न होने से वह अपने पांव पीछे खींच लेता था लेकिन अब हिमाचल में भी पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा।
विमान को हरी झंडी दिखाने से पहले मोदी ने पायलटों से हाथ मिला कर शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर उड्डयन मंत्री पीए गजपति राजू, राज्यपाल देवव्रत आचार्य, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और जेपी नड्डा और तकनीकी शिक्षा एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली भी मौजूद रहे।