प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 अक्तूबर को मंडी जिले के पड्डल मैदान से रिमोट का बटन दबाकर तीन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री का सिरमौर जिला का दौरा अभी फाइनल नहीं है। आईआईएम भवन के शिलान्यास में फॉरेस्ट क्लीयरेंस का अड़ंगा पड़ गया है।
एक-दो दिन में फाइनल होगा कि प्रधानमंत्री सिरमौर आएंगे या नहीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने शुक्रवार को शिमला में प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री आधी-अधूरी परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के सख्त खिलाफ हैं। ऐसे में नाहन का प्रस्तावित दौरा अभी तय नहीं है।
अगर दौरे को मंजूरी मिली तो पीएम धौलाकुआं में भी रैली करेंगे। सत्ती ने बताया कि जिला बिलासपुर में एम्स, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज और जिला कांगड़ा में केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिलान्यास को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोबारा हिमाचल आएंगे।
तीन महीनों में दो बार प्रधानमंत्री के हिमाचल दौरे की केंद्र सरकार से सूचना मिली है। इस दौरान स्मार्ट सिटी धर्मशाला के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व जिला बिलासपुर और कांगड़ा में प्रधानमंत्री की रैलियां भी करवाई जाएंगी।
बताया कि 18 अक्तूबर को सुबह दस बजे मंडी के पड्डल मैदान से प्रधानमंत्री महत्वाकांक्षी कौल डैम परियोजना (800 मेगावाट), पार्वती जल विद्युत परियोजना तृतीय चरण (520 मेगावाट) और रामपुर जल विद्युत परियोजना (412 मेगावाट) जनता को समर्पित करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इन दिनों देश के दौरे पर हैं। इसी कड़ी में उनका हिमाचल में दो-दो दिन का दो बार दौरा करवाया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष रैलियों को संबोधित करने के अलावा जिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठके करेंगे। नवंबर से जनवरी महीने के दौरान ये दौरे प्रस्तावित हैं।