उद्यान विभाग बागवानों की मांग के आधार पर उपलब्ध करवाएगा पौधे
डार्क बैरन गाला, नेरिसिमो गाला, किंग रोट और गाला श्निको रेड जैसी किस्मों के पौधे तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। सर्दियों के इस सीजन में आप भी नया बगीचा लगाने की तैयारी कर रहे हैं तो इसके लिए आप उद्यान विभाग के पास पौधों की मांग भेज सकते हैं। विभाग इस बार बागवानों को विभिन्न किस्मों के पौधे उपलब्ध कराएगा।
विभाग जिले में उच्च घनत्व और गुणवत्तापूर्ण बागवानी को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। विभाग ने इस बार भी बागवानों के लिए सेब सहित अन्य फलों के पौधे तैयार किए हैं। इनमें सेब, प्लम, नाशपाती और एप्रीकॉट समेत अन्य फलों की विभिन्न किस्मों के पौधे शामिल हैं। खासतौर पर सेब में डार्क बैरन गाला, नेरिसिमो गाला, किंग रोट और गाला श्निको रेड जैसी किस्में शामिल हैं। सेब की ये सभी एमएम-111 और एम-9 किस्मों के फेदर्ड पौधे हैं। विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस तरह से पहले ही पता चल सकेगा कि जिले में किस किस्म के कितने पौधों की जरूरत है। इससे बागवानों को जरूरत के अनुसार पौधे समय पर मिल सकेंगे। इससे विभाग को जरूरत के अनुसार पौधों की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी। सर्दियों में पौधे लगाने के समय बागवानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। रोपण सीजन शुरू होने से पहले ही अपनी पसंद के पौधे मिल जाएंगे। उद्यान विभाग के उपनिदेशक सुदर्शना नेगी ने कहा कि बागवान पौधों के लिए उद्यान विभाग के नजदीकी कार्यालय में मांग दे सकते हैं। विभाग बागवानों को मांग के आधार पर पौधे उपलब्ध करवाएगा।