शिमला। शिशु शिक्षा निकेतन स्कूल टुटू में मंगलवार को एक पेड़ मां के नाम के अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल प्रबंधन के अनुसार काउंसलर मोनिका भारद्वाज ने छात्र-छात्राओं को पौधारोपण के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यकर्ताओं और छात्रों ने देवदार, बान, फलदार और औषधीय पौधे रोपे। कार्यक्रम की शुरुआत मोनिका भारद्वाज, सुरेंद्र ठाकुर, संयुक्त सचिव सपना शर्मा, देवेंद्र चौधरी, प्रधानाचार्य दीपिका सूद और स्कूल अध्यक्ष दीपक सूद ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर की। वहीं, बड़ी संख्या में छात्रों ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानाचार्य दीपिका सूद ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को पर्यावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी छात्रों को अवसर भी मिला।