केंद्र सरकार देगी निर्माण के लिए बजट, नगर निगम तैयार कर रहा प्रस्ताव, 30 टॉयलेट बनाने की है योजना
विज्ञापन
शहर में बस स्टॉपेज के आसपास जगह होगी चिह्नित अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में महिलाओं के लिए अब पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे। केंद्र सरकार की इस योजना के लिए नगर निगम प्रस्ताव तैयार कर रहा है। शहर में जगह चिह्नित कर इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है।
पिंक यानी गुलाबी रंग के यह शौचालय सुविधाओं से लैस होंगे। केंद्र से इस योजना के लिए सभी शहरी निकायों को पैसा जारी होना है। इस योजना का मकसद सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में महिलाओं को सुविधा देना है। पिंक टैक्सी की तर्ज पर शहरों में पिंक टॉयलेट की यह योजना लागू की जा रही है। शिमला शहर में पिंक टैक्सी तो नहीं चली लेकिन इस योजना को लागू करने की तैयारी है। नगर निगम के अनुसार शिमला शहर में करीब 30 पिंक टॉयलेट बनाने की योजना है। इसके लिए जगह चिह्नित की जा रही है। उपनगरों के बस स्टॉपेज, बाजारों के आसपास की जगह इसके लिए चिह्नित की जा रही है। इसके बाद प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। नए साल में इनका निर्माण शुरू हो सकता है। निगम प्रशासन के अनुसार केंद्र के दिशा निर्देश पर ही यह प्रस्ताव बनाया जा रहा है। नगर निगम सदन में भी इस पर चर्चा हो चुकी है।
हजारों महिलाओं को मिलेगी सुविधा
शहर में हजारों महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे। इसके अलावा शिमला आने वाली हजारों महिला सैलानियों को भी इसकी सुविधा मिलेगी। केंद्र सरकार से इसका पैसा जारी होना है। सदन में चर्चा के बाद इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। -उमा कौशल, उप महापौर नगर निगम शिमला