पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पिकअप में दो लोग कचीनघाटी से लंबीधार की ओर जा रहे थे।
शिमला के पुलिस थाना कुमारसैन के अंतर्गत कचीनघाटी में मंगलवार देर शाम पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे पिकअप में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कुमारसैन से पुलिस दल मौके पर रवाना हो गया। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पिकअप में दो लोग कचीनघाटी से लंबीधार की ओर जा रहे थे। लंबीधार के पास चालक के अचानक नियंत्रण खोने से पिकअप गाड़ी नंबर एचपी 64-0668 सड़क से नीचे करीब 200 मीटर खाई में जा गिरी। कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों के शव को घटनास्थल से बाहर निकाला गया।
इस हादसे में कैलाश चंद (36), पुत्र बैसाखू राम निवासी गांव कलमू, तहसील कुमारसैन और यशपाल (30), पुत्र सोहन लाल निवासी गांव चेड़ा, तहसील कुमारसैन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों का कुमारसैन अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए।
डीएसपी रामपुर सोमदत्त ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार कुमारसैन राजेंद्र ठाकुर ने मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की।