केंद्र ने पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) आठ और डीजल पर छह रुपये कम कर दी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इससे पेट्रोल की कीमत 9.5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के भाव में सात रुपये प्रति लीटर तक कम हो जाएंगे।
महंगाई की मार झेल रही जनता को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने शनिवार को बड़ा एलान किया। केंद्र ने पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) आठ और डीजल पर छह रुपये कम कर दी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इससे पेट्रोल की कीमत 9.5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के भाव में सात रुपये प्रति लीटर तक कम हो जाएंगे। इस कटौती के बाद शिमला शहर में पेट्रोल के दाम करीब 96.08 रुपये और डीजल के दाम 82.40 रुपये प्रति लीटर हो जाएंगे।
विज्ञापन
इससे पहले शनिवार सुबह शिमला शहर के विकासनगर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की कीमत करीब 105.58 रुपये और डीजल 89.40 रुपये प्रति लीटर रही। वहीं, संजौली में पेट्रोल 105.83 व डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर रहा। संजौली पेट्रोल पंप संचालक जगीर सिंह ने बताया है कि पेट्रोल-डीजल की नई रेट लिस्ट रविवार सुबह आएगी। वहीं, धर्मशाला में अब पेट्रोल के दाम करीब 95.17 रुपये और डीजल 79.70 रुपये प्रति लीटर होंगे। शनिवार को धर्मशाला में पेट्रोल दाम 104.87 व डीजल 86.70 रुपये प्रति लीटर रहा। केंद्र सरकार ने यह भी फैसला लिया है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के नौ करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 200 रुपये प्रति सिलिंडर (12 सिलिंडर तक) सब्सिडी दी जाएगी।
केंद्र सरकार ने लिया कल्याणकारी निर्णय: सीएम जयराम
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया कियशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी घटाने का लोक कल्याणकारी निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चलाई जा रही उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 12 एलपीजी सिलिंडर तक प्रति सिलिंडर 200 रुपये की सब्सिडी देने का जनहितकारी निर्णय भी केंद्र सरकार ने लिया है। इससे देश में नौ करोड़ और हिमाचल में 1.37 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित होंगे।