कुल्लू में पेट्रोल अब 98.31 रुपये प्रति लीटर, डीजल 90.18 रुपये
पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे तेल की कीमतों में हो रही लगातार वृद्धि के चलते तेल कंपनियों ने वीरवार रात से पेट्रोल व डीजल की कीमतों में करीब तीन रुपये की वृद्धि की है। पेट्रोल डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर वाहन मालिकों के साथ-साथ परिवहन सेवाओं के चालकों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल डीजल की कीमतों के बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुएं भी महंगी हो जाएगी।
बढ़ी तेल की कीमतों के बाद कुल्लू में पेट्रोल अब 98.31 रुपये प्रति लीटर हो गया है। जबकि पहले यह रेट 95.36 रुपये था। वहीं डीजल बढ़कर अब 90.18 रुपये का हुआ है। पहले यह रेट 87.36 रुपये था। चालक मोतीराम, जीत कपूर, राजेश व सुनील कुमार ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बड़ी कीमतों का असर ऑटो, टैक्सी व अन्य परिवहन सेवाओं पर भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर आने वाले समय में इसमें और वृद्धि होती है तो उन्हें भी अपने किराए में वृद्धि करने को मजबूर होना पड़ेगा। गांधीनगर पुरी पेट्रोल पंप के मैनेजर गगन शर्मा ने कहा कि वीरवार रात से बड़ी हुई पेट्रोल व डीजल की कीमतें लागू हो गई है।