जाठिया देवी ने मंत्री जनता के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पानी और सड़कों की उठाईं समस्याएं
विक्रमादित्य सिंह ने विभागों को तुरंत समस्याओं को हल करने के दिए निर्देश
सब डिवीजनों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का दिया आश्वासन
दो हफ्ते में होगा टुटू सब्जी मंडी का लोकार्पण
अमर उजाला ब्यूरो
जाठिया देवी (शिमला)। मंत्री साहब! कूहल निर्माण की क्वालिटी ठीक नहीं है। बनाते ही रिस रही है। यह पीड़ा जाठिया देवी मंदिर परिसर में आयोजित मंत्री जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के सामने बागी पंचायत के बलावग गांव के ग्रामीण इंद्र सिंह ने व्यक्त की। उन्होंने कहा कि करीब साढ़े 14 किलोमीटर लंबी कूहल का निर्माण किया जा रहा है इस पर करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इंद्र सिंह ने कहा कि कूहल निर्माण की क्वालिटी ठीक नहीं है। इसके कारण कूहल निर्माण के वक्त ही यह जगह-जगह से लीक हो रही है। इसके अलावा उन्होंने टुटू ब्लॉक का आईपीएच डिवीजन को सुन्नी और पीडल्ब्यूडी के धामी शिफ्ट होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को हो रही समस्याओं को भी उठाया। बलावग गांव में निर्माणाधीन डैम के लिए सड़क पक्की करने की मांग भी उठाई।
कूहल लीक होने पर विक्रमादित्य सिंह ने जल शक्ति विभाग को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस विभाग के जेई ने कहा कि जहां-जहां कूहल लीक हो रही थी उसकी मरम्मत की गई है। विभाग के डिवीजन शिमला से शिफ्ट होने पर मंत्री ने कहा कि टुटू ब्लॉक के लोगों को हो रही समस्या को देखते हुए सब डिवीजनों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा। एसडीओ को और ज्यादा शक्तियांं दी जाएंगी।
मझौला गांव के रूप राम ने भी उठाऊ सिंचाई योजना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि योजना में पानी कम है। इससे दो से तीन गांवों को ही सिंचाई की सुविधा मिल रही है। हालांकि ये योजना करीब एक दर्जन गांवों के लिए बनाई गई। उन्होंने कहा कि बाकी गांवों को भी सिंचाई सुविधा देने की योजना पर काम किया जाए। इस पर विक्रमात्दिय ने जल शक्ति विभाग को उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
काहला गांव के ग्रामीण ने शिमला से वाया आंजी दावंटी बस सेवा शुरू करने की मांग की। मंत्री ने कहा कि बस चलाने को लेकर वे एचआरटीसी के अधिकारियों से बात करेंगे। वे प्रयास करेंगे कि जल्द बस शुरू हो जाए। क्षेत्र के टैक्सी ऑपरेटरों ने जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे में आने वाले यात्रियों के लिए टेंपों चलाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे से क्षेत्र के टैक्सी ऑपरेटर यात्रियों को ले जाने का काम करते हैं। टेंपो चलने से उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है।
इस अवसर पर बागी पंचायत के प्रधान नरेश ठाकुर ने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में मंत्री को अवगत करवाया। उन्होंने पंचायत की सात संपर्क सड़कों को पक्का करने की मांग की। इस पर लोक निर्माण मंत्री ने आश्वासन दिया कि इन सड़कों को पीडब्ल्यूडी के अंडर लेकर जल्द एंबुलेंस रोड के तहत पक्का किया जाएगा। विक्रमादित्य ने कहा कि टुटू सब्जी मंडी का दो हफ्ते में लोकार्पण कर दिया जाएगा। इससे क्षेत्र के किसानों काे सब्जियां बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिल्ली-बायचड़ी सड़क को भी जल्द पक्का किया जाएगा। बर्फबारी के कारण जब ढैंडा में शिमला-कांगड़ा एनएच बंद हो जाता है तो इसी संपर्क सड़क से आवाजाही होती है। इसको देखते हुए इस सड़क को पक्का करना प्राथमिकता में शामिल है।
इस अवसर पर बागी पंचायत के उपप्रधान देसराज, बीडीसी चेयरमैन सरोज, वाइस चेयरमैन रामलाल ठाकुर, रामपुर क्योंथल, चनोग के अलावा आसपास की पंचायतों के प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।