वनों की आग पर नियंत्रण के लिए जन सहभागिता जरूरी : सक्सेना
मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने शुक्रवार को प्रदेश में वनों को आग से बचाने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि वनों की आग पर नियंत्रण के लिए जन सहभागिता बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को वनों में आग लगने पर निकटतम वन विभाग कार्यालय या आपातकालीन सेवाओं के टोल-फ्री नम्बर-1077 और 1070 पर सूचना देनी चाहिए। वनों की आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों और अग्निशमन के प्रयासों में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से जंगल में आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों के बारे में जानकारी वन विभाग और पुलिस को देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वनों को आग से बचाने के लिए मल्टी यूटीलिटी व्हीकल, ब्लोेेबैग उपलब्ध करवाए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन की सहायता से निगरानी की जा रही है। बैठक में पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा, पीसीसीएफ (हॉफ) राजीव कुमार, एडीजीपी एवं निदेशक फायर सर्विसिज राकेश अग्रवाल, निदेशक ग्रामीण विकास राघव शर्मा, विशेष सचिव डीसी राणा उपस्थित थे।