हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में गुरुवार दोपहर के समय आसमान में हुए रहस्यमयी धमाके से लोग सहम गए। धमाका इतना जोरदार था कि मकान तक हिल गए। दहशत में लोग अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल गए। हालांकि, धमाके के कारणों का पता नहीं लग पाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस धमाके से लोग डर गए। लोगों ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि यह भूकंप है, लेकिन ऐसा नहीं था। जिले में 12:25 पर यह आसमानी धमाका हुआ। लोग अपने घरों और कार्यालयों में कामकाज में व्यस्त थे। एकाएक हुए धमाके से लोग हैरान हो गए। लोग फोन पर एक-दूसरे से धमाके के बारे में पूछते रहे, लेकिन किसी को इसके कारणों का पता नहीं लग पाया। इस मामले को लेकर एसडीएम सदर अभिषेक गर्ग ने कहा कि अभी तक धमाके का पता नहीं लग पाया है, इसकी जांच की जा रही है।