संकटमोचन और एसडीए समेत पांच पार्किंग का ठेकेदार के माध्यम से संचालन करवाएगा नगर निगम, प्रक्रिया शुरू
विज्ञापन
270 वाहनों को मिलेगी पार्किंग की सुविधा अमर उजाला ब्यूरो शिमला। शहरवासियों को नए साल से पहले पांच और पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए नगर निगम ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पांच पार्किंग स्थलों में दो नई पार्किंग भी शामिल हैं, जहां पहली बार शहरवासियों को यह सुविधा मिलने वाली है।
नगर निगम ने इन पार्किंग स्थलों का शुल्क तय कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनका संचालन ठेकेदारों के माध्यम से किया जाएगा। इनमें संकटमोचन मंदिर, एसडीए परिसर कसुम्पटी, लिफ्ट से यूएस क्लब तक, मॉर्निंग व्यू कैथू और कुफ्टाधार स्थित सरकारी मिडिल स्कूल के पास की पार्किंग शामिल हैं। नगर निगम के अनुसार इनमें से तीन पार्किंग व्यावसायिक और दो घरेलू उपयोग के लिए हैं।
विज्ञापन
संकटमोचन मंदिर पार्किंग की क्षमता 101 वाहनों की है। यहां स्थानीय लोगों के अलावा रोजाना मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। एसडीए परिसर की पार्किंग में 94 वाहन खड़े हो सकते हैं। यहां कसुम्पटी में कामकाज के सिलसिले में आने वाले उन लोगों को सुविधा मिलेगी जिन्हें कुछ समय के लिए वाहन पार्क करना होता है। अभी इन लोगों को सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं। एसडीए परिसर में कई सरकारी विभागों के मुख्यालय और निजी कंपनियों के कार्यालय हैं। यहां रोजाना सैकड़ों लोग काम के सिलसिले में पहुंचते हैं। अब उन्हें पार्किंग की सुविधा मिलेगी। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनाई गई एसडीए पार्किंग में 200 से अधिक वाहनों की पार्किंग पहले ही स्थानीय लोगों के लिए आरक्षित की जा चुकी है। इसका आवंटन भी कर दिया है। इसके अलावा, एक मंजिल का संचालन ठेकेदार के माध्यम से किया जा रहा है।
कैथू व कुफ्टाधार में भी संचालित होंगी पार्किंग नगर निगम के अनुसार, लिफ्ट से यूएस क्लब तक सड़क किनारे बनी 25 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग और मॉर्निंग व्यू कैथू की 30 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग को भी ठेके पर दिया जा रहा है। इसके अलावा कुफ्टाधार पार्किंग में 20 वाहन खड़े हो सकेंगे। इसका संचालन भी अब ठेकेदार करेगा। स्थानीय लोगों को नगर निगम की ओर से निर्धारित शुल्क देकर पार्किंग की सुविधा मिलेगी। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शहर में खाली पड़ी सभी पार्किंग आम जनता के लिए खोली जा रही हैं।