पहली नवंबर से शुरू होगी अश्व प्रदर्शनी, पंजाब, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर और लद्दाख के अश्व पालकों को बुलाया जाएगा
विज्ञापन
400 तथा 800 मीटर रोमांचक घुड़ दौड़ भी होगी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले रामपुर में इस बार अश्व प्रदर्शनी में पंजाब, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर और लद्दाख से भी अश्व पालकों (घोड़ा पालकों) को बुलाया जाएगा। इसमें चामुर्थी घोड़े की नस्ल के बारे में अन्य राज्यों के अश्व पालकों को भी जानकारी दी जाएगी। इससे इन राज्यों में चामुर्थी घोड़े की बिक्री हो सकेगी।
इसके लिए उपायुक्त शिमला के आदेशों पर पशुपालन विभाग ने इन राज्यों के पशुपालन विभाग को निमंत्रण भेज दिया है। अश्व प्रदर्शनी पहली नवंबर से शुरू होगी। यह तीन नवंबर तक चलेगी। पशुपालन विभाग इस प्रदर्शनी में उत्तम घोड़ों का चयन करता है जिससे अश्व पालक प्रोत्साहित होते हैं। पहली नवंबर को घोड़ों का पंजीकरण किया जाएगा। दो नवंबर को अश्व पालकों के लिए गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। तीन नवंबर को उत्तम घोड़ों का चयन, गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिता और 400 तथा 800 मीटर रोमांचक घुड़ दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेले का इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना है। चामुर्थी घोड़े की बिक्री इस मेला का आकर्षण रहा है। इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ाने के लिए इस बार पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख से अश्व पालकों को आमंत्रित किया जा रहा है ताकि चामुर्थी घोड़े की खासियतों को वह खुद देख सके। लोगों को पसंद आए तो खरीद भी सकते हैं।
भीषण ठंड सहने की है क्षमता
चीन की सीमा से लगते हिमाचल के बर्फीले कबाइली जिलों लाहौल स्पीति और किन्नौर में चामुर्थी घोड़ा सदियों से जीवन शैली का हिस्सा रहा है। वहां इन्हें शीत मरुस्थल का जहाज कहा जाता है। चामुर्थी घोड़े माइनस 30 डिग्री तक की भीषण ठंड में भी काम कर सकते हैं। यह लंबे समय तक कुछ न खाने के बावजूद काम करने की क्षमता रखते हैं। दिलचस्प बात यह कि यह घोड़े इन बर्फीली घाटियों में सिंधु घाटी (हड़प्पा) सभ्यता के समय से पाए जाते हैं।