भाई दूज पर पीरन में मेले का आयोजन
बिजेश्वर लोक नाट्य कला मंच ने दी करियाला की प्रस्तुति
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। जुन्गा तहसील के पीरन में मनाए गए भाई दूज मेले में हजारों लोगों ने करियाला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। मेला वीरवार रात को करियाला मंचन के साथ संपन्न हुआ। मेले में क्योंथल क्षेत्र के अलावा सिरमौर जिला से आए कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी।
बिजेश्वर लोक नाट्य करियाला कला मंच के कलाकारों ने करियाला में पारंपरिक साधु का स्वांग पेश कर लोगों को खूब हंसाया। अन्य कलाकारों ने नाटियों पर प्रस्तुति दीं। करियाला का आगाज चंद्रावली और काहन नृत्य से हुआ। प्रसिद्ध लोक गायिका रोशनी शर्मा ने रोइयो रातड़ी काटी नेहरी...नाटी गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रोशनी ने शिमला, सिरमौर, कुल्लू की नाटियां गाकर मनोरंजन किया। उभरते कलाकार बीनू गंधर्व ने जोलो पाणी रे दिवे रे नारिणा पूजा करनी बिजटो री पहाड़ी नाटी पेश की।
महिला कलाकार प्रेमलता ठाकुर और रक्षा ने दीप नृत्य पेश करके दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। प्रसिद्ध कलाकार भुवन शर्मा ने ऐरी माईये नीरजूए नाटी गाकर युवाओं को खूब नचाया। करियाला कला मंच के प्रधान दीप राम शर्मा, सचिव बिशन दत्त शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने सारी रात खूब रंग जमाया। मनोज भारद्वाज ने मंच संचालन करके श्रोताओं को बांधे रखा। मेले में दिन के समय सूचना एवं जन संपर्क विभाग के शिवरंजनी सांस्कृतिक दल कोट बलग के कलाकारों ने हिंदी पहाड़ी नाटियां पेश कीं। कलाकार प्रवेश निहालटा ने हम तेरे शहर में आए मुसाफिर की तरह.. गजल गाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इससे पहले मेले में देवता कव्वाली और जुन्गा के नाम पर जातर निकाली गई। मेला समिति के प्रधान अतर सिंह ठाकुर ने मेले में आए लोगों का स्वागत किया ।