ठप हो रहा कारोबार, स्कूली बच्चे भी परेशान
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के संजौली ढली बाईपास सड़क को बड़े वाहनों के लिए बंद रखने के जिला प्रशासन के फैसले से हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लंबीधार, चलौंठी और ढली क्षेत्र के कई लोग सोमवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप से मिले और अपनी परेशानी बताई।
स्थानीय निवासी एवं पूर्व उपमहापौर शैलेंद्र चौहान ने कहा कि 52 दिन से यह सड़क बसों की आवाजाही के लिए बंद की गई है। इस पर सिर्फ छोटे वाहन चलाने की ही अनुमति दी गई है। वहीं दूसरी ओर एनएचएआई के 30 से 40 टन वजनी ट्राले बेरोकटोक इस सड़क पर दौड़ाए जा रहे हैं। यदि इस सड़क को भारी वाहनों से खतरा है तो फिर ट्राले कैसे चलाए जा रहे हैं। मांग की कि जिला प्रशासन इस क्षेत्र के लिए बसों की आवाजाही शुरू करवाए ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि चलौंठी तक भी बसें चलाई जा सकती हैं जिससे लोगों खासकर नौकरीपेशा और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।
विज्ञापन
संजौली-ढली बाईपास सड़क पर चलौंठी के पास फोरलेन टनल के निर्माण के चलते हल्की दरारें देखी गईं थीं। इसके चलते इसे भारी वाहनों के लिए फिलहाल बंद रखा है। इस क्षेत्र के लोगों को अभी पैदल ही संजौली ढली पहुंचना पड़ रहा है। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने भरोसा दिया कि जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा।
बसें बंद होने से ठप हो गया है काम
स्थानीय लोगों ने कहा कि बड़े वाहनों की एंट्री बंद होने से इस सड़क के किनारे दुकानें, ढाबे और होटल चला रहे लोगों का कारोबार ठप हो गया है। ऊपरी शिमला, मशोबरा से आने वाले वाहन अब वाया भट्ठाकुफर मैहली या संजौली से रवाना किए जा रहे हैं।