पेंशनरों ने 11 मांगों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
विज्ञापन
पेंशन वैलिडेशन एक्ट को रद्द करने की मांग संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में उपायुक्त कार्यालय के बाहर शनिवार को पेंशनरों ने केंद्र सरकार के वित्त अधिनियम 2025 में शामिल किए गए वैलिडेशन क्लॉज (पेंशन वैलिडेशन एक्ट) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
पेंशनरों ने प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार से पेंशन वैलिडेशन एक्ट को रद्द करने की मांग की। इस दौरान पेंशनरों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जोरदार तरीके से अपनी मांग उठाई। प्रदर्शन में डाक, एजी, बीएसएनएल, ईपीएफओ, अर्धसैनिक बलों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही प्रदेश पेंशनरों ने भी केंद्र सरकार के पेंशनरों का समर्थन किया। नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी के महासचिव जगमोहन ठाकुर ने कहा कि पेंशनरों की नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी के आह्वान पर प्रदर्शन किया जा रहा है।
विज्ञापन
पेंशनरों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष जताया। पेंशनरों ने कहा कि वित्त अधिनियम 2025 में शामिल किए वैलिडेशन क्लॉज के माध्यम से पेंशनरों के हितों को प्रभावित किया है। पेंशनरों ने प्रदर्शन के माध्यम से एनपीएस और यूपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों के लिए समान फिटमेंट फैक्टर लागू करने और 18 माह का लंबित महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत जारी करने की मांग की है।
बीएसएनएल और एमटीएनएल पेंशनरों की एक जनवरी 2017 से पेंशन में संशोधन करने, बैंक एवं स्वायत्त निकायों के पेंशनरों की पेंशन अपडेशन, 65 वर्ष की आयु के बाद अतिरिक्त पेंशन देने और 3000 रुपये एफएमए से संबंधित संसदीय समिति की रिपोर्ट लागू करने, सभी जिलों में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर खोलने, कम्यूटेशन की अवधि 12 वर्ष करने, नोटशनल इंक्रीमेंट का लाभ देने तथा एमएसीपी की विसंगतियां दूर करने की मांगें उठाईं।
पेंशनर नवंबर में करेंगे संसद मार्च
पेंशनरों के संयुक्त मोर्चा के महासचिव जगमोहन ठाकुर ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर पेंशनरों ने 25 नवंबर को दिल्ली में संसद मार्च किया जाएगा। इसमें प्रदेश के पेंशनर भी शामिल होंगे। प्रदर्शन में अक्षय कुमार, एनडी शर्मा, जगत राम, आत्मा राम शर्मा, नंद लाल नारटू, हरि कृष्ण शर्मा, अशोक शर्मा, जवाहर लाल गोल्टा, महेश वर्मा, कैलाश शर्मा और भारत भूषण शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।