बोले, सीएम सुक्खू से उम्मीद लंबित मांगें होंगी पूरी संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। पेंशनरों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान नहीं होता। यह बात शुक्रवार को भट्ठाकुफर में हुई मशोबरा ब्लॉक के पेंशनरों की बैठक में संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा ने कही। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष रतन वर्मा ने की।
प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा और जिला शिमला पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भाग चंद चौहान भी बैठक में मौजूद रहे। पेंशनरों ने कहा कि सीएम सुक्खू ने पूर्व में हुई बैठक में पेंशनरों को जो आश्वासन दिए हैं, उससे उम्मीद है कि सरकार उनको पूरी करेगी। बैठक में सदस्यता अभियान और पेंशनर्स के लिए चलाए जा रहे जनजागरण अभियान की समीक्षा की गई। साथ ही ब्लॉक के 103 पेंशनरों और पदाधिकारियों को उनके फोन नंबर तथा पते की डायरेक्टरी वितरित की गई। भूप राम वर्मा ने कहा कि पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति से 18 संगठन जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल को सचिवालय में वार्ता के लिए बुलाया था। इस बैठक में 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनर्स के संशोधित वित्तीय लाभ देने, लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, 15 प्रतिशत डीए और लंबित चिकित्सा बिल देने पर चर्चा हुई थी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सरकार ने 40 प्रतिशत लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी की अधिसूचना 31 जुलाई तक जारी करने तथा दो वर्षों से लंबित चिकित्सा बिलों के भुगतान का आश्वासन दिया है। पेंशनरों को उम्मीद है कि सीएम 31 जुलाई से पहले अपने आश्वासन को पूरा करेंगे। बैठक के दौरान मशोबरा ब्लॉक के दिवंगत पेंशनर्स को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में जिला संयोजक मोहन ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मेला राम शर्मा, मुख्य सलाहकार नेक राम शर्मा, दीप राम शर्मा, गुलाब ठाकुर, रतन ठाकुर, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, महिला प्रमुख सावित्री वर्मा, विजय शर्मा, कोषाध्यक्ष मदन ठाकुर और चतर सिंह मौजूद रहे।