दिवाली पर एचआरटीसी के राज्य भर से एक हजार पीस मील कर्मचारी मिठाई का डिब्बा नहीं लेंगे। हिमाचल परिवहन तकनीकी कर्मचारी संगठन ने एचआरटीसी को पीस मील कर्मचारियों को मिठाई देने में खर्च होने वाली धनराशि को घाटे से बचने के लिए प्रयोग करने की नसीहत दी है। साथ ही 22 अक्तूबर तक यदि प्रदेश के पीस मील कर्मचारियों को एक मुश्त अनुबंध पर नहीं लाया गया, तो 24, 25 और 26 को तीन दिन पीस मील कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर जाएंगे।
हिमाचल परिवहन तकनीकी कर्मचारी संगठन प्रधान टेक चंद और महासचिव पूर्व चंद ने बताया कि पीस मील कर्मचारियों को अनुबंध में शामिल करने के लिए कई बार परिवहन मंत्री और एचआरटीसी के अधिकारियों से बात हुई है, लेकिन उनकी मांगों को नहीं माना जा रहा है। मंत्री गोविंद ठाकुर ने मार्च में हुई बीओडी की बैठक में पीस मील कर्मचारियों के लिए नीति बनाई, लेकिन अब तक सर्विस कमेटी की बैठक ही नहीं हो पाई है। ऐसे में अब प्रदेश के 28 डिपो के एक हजार पीस मील कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर जाएंगे।