प्रदेश के साढ़े 18 लाख से अधिक राशन कार्ड धारकों को जयराम सरकार सस्ते राशन के कोटे के तहत दो माह का तेल कोटा एक साथ देगी। मार्च और अप्रैल माह का उपभोक्ताओं को अभी तक तेल कोटा नहीं मिला है। बीते दिनों ही सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन ने तेल के टेंडर अवार्ड कर दिए हैं।
संभावित है कि अगले हफ्ते तक राशन डिपुओं में सप्लाई पहुंच जाएगी। राशन कार्ड धारकों को प्रदेश सरकार सब्सिडी पर सस्ता राशन मुहैया करवाती है। प्रति राशन कार्ड उपभोक्ताओं को रिफाइंड या सरसों का तेल दिया जाता है।
बीते दो माह से डिपुओं में तेल की सप्लाई नहीं हुई है। राशन कार्ड धारकों को खाली हाथ डिपुओं से लौटना पड़ रहा है। अप्रैल माह में उपभोक्ताओं को चावल, आटा और चीनी ही दी गई है।
तेल उपलब्ध नहीं होने के चलते लोगों को बाजार में भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। उधर, राशन डिपुओं में सप्लाई जल्द मुहैया करवाने के लिए सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन ने तेल के टेंडर अवार्ड कर दिए हैं।
अगले हफ्ते के अंत तक डिपुओं में सप्लाई पहुंचने की संभावना है। यह सप्लाई प्राप्त होते ही उपभोक्ताओं को मार्च और अप्रैल माह का कोटा एक साथ दिया जाएगा।
सिविल सप्लाई कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक एसएस गुलेरिया ने बताया कि तेल के टेंडर कर दिए गए हैं। जल्द उपभोक्ताओं को कोटा उपलब्ध करवा दिया जाएगा।