कक्ष के बाहर हर रोज लग रही मरीजों की कतारें
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में मरीजों की ईसीजी जांच व्यवस्था एक ही मशीन के भरोसे चल रही है। इसके चलते ईसीजी कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई बार मशीन में तकनीकी खराबी आने से मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
अस्पताल में दो अन्य ईसीजी मशीनें भी उपलब्ध हैं, लेकिन वे लंबे समय से खराब पड़ी हैं। इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन की ओर से उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है। नई मशीन खरीदने के लिए भी प्रबंधन ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है, लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मशीन खरीदने के लिए बजट की भी कमी है। बजट उपलब्ध न होने के कारण नई ईसीजी मशीन की खरीद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। इसका सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है। डीडीयू अस्पताल में मेडिसिन समेत अन्य ओपीडी से प्रतिदिन कई मरीजों को ईसीजी जांच के लिए भेजा जाता है। एक ही मशीन होने के कारण जांच के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। कई बार भीड़ अधिक होने पर मरीजों को मजबूरी में निजी क्लीनिकों में पैसे देकर ईसीजी करवानी पड़ती है। गौरतलब है कि डीडीयू अस्पताल में शिमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जांच सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोट अनुमति मिलते ही खरीदी जाएगी नई ईसीजी मशीन ईसीजी मशीन खरीदने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। अनुमति मिलते ही मशीन खरीद ली जाएगी। अस्पताल में मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
- डॉ. लोकेंद्र शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, डीडीयू जोनल अस्पताल शिमला