कैथू के लोगों को मिला पार्किंग का तोहफा
शिमला। शहर के कैथू वार्ड के लोगों को मार्निंग व्यू और स्नो व्यू क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा मिल गई है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शनिवार को वार्ड में दो पार्किंग का उद्घाटन किया। स्नो व्यू में 85 लाख रुपये की लागत से 20 वाहनों के लिए जबकि मार्निंग व्यू में 1.85 लाख रुपये की लागत से 45 वाहनों के लिए पार्किंग बनाई गई है। नगर निगम जल्द इनके टेंडर कर स्थानीय लोगों को पार्किंग की सुविधा देगा। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 248 करोड़ के काम पूरे कर लिए हैं, जबकि 321 करोड़ के कार्य प्रगति पर हैं। कैथू में एक करोड़ रुपये की लागत से बच्चों के लिए आधुनिक पार्क बनाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। इस मौके पर मंत्री ने स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनीं और तुरंत निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर महापौर सत्या कौंडल, उपमहापौर शैलेंद्र चौहान, पूर्व महापौर कुसुम सदरेट, पार्षद सुनील धर, पार्षद पूरन मल, अर्चना धवन, कमलेश मेहता, किरण बावा, जसविंद्र सिंह, राजेंद्र चौहान, संजीव सूद, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिमला शहरी राजेश शारदा और एमसी आयुक्त आशीष कोहली भी मौजूद रहे।