राजधानी में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत तैयार की जा रही सात नई पार्किंग में शहरवासियों को गाड़ी खड़ी करने के लिए तीन से पांच गुना तक ज्यादा शुल्क चुकाना पड़ेगा। लोगों को घर के पास पार्किंग की सुविधा तो मिलेगी लेकिन इसके एवज में आम पार्किंग से कई गुना ज्यादा पैसा देना होगा।
इन सभी नई पार्किंग के नए रेट तय कर दिए गए हैं। बाकायदा टेंडर प्रक्रिया में इन्हें शामिल किया गया है। ये रेट वर्तमान घरेलू पार्किंग दरों से पांच गुना तो व्यावसायिक दरों से तीन गुना तक ज्यादा हैं। घरेलू पार्किंग में अभी एक कार को दो घंटे पार्क करने के लिए 10 रुपये तो व्यावसायिक पार्किंग में 15 रुपये शुल्क लगता है। अब इन नई पार्किंग में यह शुल्क 50 रुपये रहेगा। राजधानी में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कुल सात बड़ी पार्किंग तैयार की जा रही हैं। इनमें से कई पार्किंग तैयार हैं जबकि कुछ का काम मार्च में पूरा हो जाएगा।
नगर निगम तैयार होते ही इन पार्किंग को भी आम जनता के लिए खोलने जा रहा है। करीब दो हजार वाहनों की क्षमता वाली इन पार्किंग का संचालन ठेकेदार के जरिये होगा। दस साल तक ठेकेदार ही इन पार्किंग को चलाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने हिमाचल प्रदेश इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड को इन पार्किंग के टेंडर का जिम्मा सौंपा है। बोर्ड ने भी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। मार्च में यह प्रक्रिया पूरी कर इन्हें संचालन के लिए ठेकेदार के हवाले कर दिया जाएगा।
इन नई पार्किंग में महंगी मिलेगी सुविधा
राजधानी में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकासनगर, एसडीए परिसर, टुटू, संकटमोचन, ऑकलैंड, आईजीएमसी, डेंटल कॉलेज में नई पार्किंग तैयार की जा रही हैं। टुटू और संकटमोचन में पार्किंग तैयार हैं। एसडीए, ऑकलैंड में इसी माह के अंत तक पार्किंग तैयार हो जाएंगी। आईजीएमसी के पास बन रही दो बड़ी पार्किंग भी इनमें शामिल हैं। खास बात यह है कि नगर निगम सदन में इन दरों पर मंजूरी नहीं ली गई है। इसके बावजूद इन्हें टेंडर में शामिल किया गया है। निगम प्रशासन का कहना है कि सभी पार्किंग के एकसाथ टेंडर किए जा रहे हैं। एचपीआईडीबी को इसका जिम्मा सौंपा गया है।
राजधानी में ये हैं अब नई प्रस्तावित पार्किंग दरें
समय दोपहिया कार बड़े वाहन
0-2 घंटे वर्तमान दर 5 रुपये वर्तमान दर 15 रुपये वर्तमान दर 20 रुपये
प्रस्तावित दर 25 रुपये प्रस्तावित दर 50 रुपये प्रस्तावित दर 75 रुपये
0-4 घंटे वर्तमान दर 10 रुपये वर्तमान दर 30 रुपये वर्तमान दर 40 रुपये
प्रस्तावित दर 40 रुपये प्रस्तावित दर 75 रुपये प्रस्तावित दर 115 रुपये
0-6 घंटे वर्तमान दर 20 रुपये वर्तमान दर 50 रुपये वर्तमान दर 60 रुपये
प्रस्तावित दर 50 रुपये प्रस्तावित दर 100 रुपये प्रस्तावित दर 150 रुपये
0-12 घंटे वर्तमान दर 40 रुपये वर्तमान दर 100 रुपये वर्तमान दर 120 रुपये
प्रस्तावित दर 75 रुपये प्रस्तावित दर 150 रुपये प्रस्तावित दर 225 रुपये
0-24 घंटे वर्तमान दर 80 रुपये वर्तमान दर 170 रुपये वर्तमान दर 200 रुपये
प्रस्तावित दर 100 रुपये प्रस्तावित दर 200 रुपये प्रस्तावित दर 300 रुपये