केवी जाखू व जतोग के विद्यार्थियों ने लाइव देखा परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम।
- फोटो : संवाद
हिमाचल के ग्रीष्मकालीन क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में सोमवार को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम दिखाया गया। प्रदेश के तीन विद्यार्थी कांगड़ा से अखिल, सोलन से कनिका ठाकुर और ऊना से एकता नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में हुए कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वार्षिक परीक्षाओं से पहले बच्चों को तनाव दूर करने के टिप्स दिए। प्रदेश के स्कूल और कॉलेजों में कार्यक्रम का टीवी और कंप्यूटर के माध्यम से सीधा प्रसारण दिखाया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में विद्यार्थियों के साथ परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का प्रसारण देखा। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश के शीतकालीन स्कूलों में इन दिनों सर्दियों की छुट्टियां चल रही हैं। ऐसे में ग्रीष्मकालीन स्कूलों में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने का इंतजाम किया गया। सभी स्कूलों से कार्यक्रम की रिपोर्ट भी निदेशालय भेजने को कहा गया है।
परीक्षा पे चर्चा का सातवां दिया संस्करण शिमला के केंद्रीय विद्यालय जतोग छावनी और जाखू में लाइव दिखाया गया। कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे शुरू हुआ। स्कूल की प्रधानाचार्य, अभिभावकों, शिक्षकों ने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के साथ मिलकर कार्यक्रम देखा। यह कार्यक्रम शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से प्रदान किए गए लिंक के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को नकारात्मक दबाव, अस्वास्थ्यकर प्रतिस्पर्धा और अनुचित तनाव को संभालने के लिए कुछ उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि उन्हें बच्चों पर अपने स्वयं के सपने और अपनी अधूरी इच्छाएं नहीं थोपनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध रखने के लिए भी प्रेरित किया। प्रधानमंत्री ने जीवन में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत और स्मार्ट वर्क के संतुलन पर भी जोर दिया। केवी जतोग के प्रधानाचार्य मोहित गुप्ता और केवी जाखू के प्रधानाचार्य वीर चंद ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दी गई बहुमूल्य सलाह का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।