शिमला। गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में आयोजित कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी में कागजों से तैयार किए मशरूम लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनका इस्तेमाल घर में सजावट के लिए किया जाता है। प्रदर्शनी में इनका मूल्य 500 से एक हजार रुपये तक निर्धारित किया है। इन्हें बनाने वाले कलाकार पुनीत ने बताया कि वह प्रकृति प्रेमी हैं। उन्होंने अपनी वस्तुओं को फूल, पत्तों, मशरूम का रूप दिया है। इसमें रद्दी कागजों और अखबार के टुकड़ों का इस्तेमाल किया है। हस्तशिल्प उत्पादों की कीमत 100 से 500 रुपये और मौलिक चित्रों की कीमत 500 से 40 हजार रुपये तक रखी है। प्रदर्शनी में 12 कलाकारों ने अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित की हैं जिसमें पल्लवी राणा, पवित्रा, दिव्या, हर्षिता, श्रुति, इशिता, शिवानी, मित्तल, फरज़ान, सयोगिता ठाकुर और सारिका ठाकुर की बनाई कलाकृतियां शामिल हैं। कलाकार पुनीत ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि स्थानीय कलाकारों और कला विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध करवाना है। संवाद