आईजीएमसी के चिकित्सकों ने की दुर्लभ सर्जिरी, कैंसर जैसी दिख रही थी गांठ, ऑपरेशन में अग्नाशय से निकली 25 एमएम की पथरी
दुर्लभ मामले पर शोध इंटरनेशनल सर्जरी जर्नल में प्रकाशित
उल्टी में खून आने और काले मल की शिकायत से ग्रसित था मरीज
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के चिकित्सकों ने एक दुर्लभ और जटिल सर्जरी कर 63 वर्षीय मरीज की जान बचाई है। मरीज के पेट में कैंसर जैसी दिखने वाली गांठ की जांच और ऑपरेशन के दौरान अग्नाशय (पैंक्रियाज) से 25 एमएम की पथरी निकली।
पथरी के कारण अग्नाशय और आमाशय के बीच असामान्य रास्ता बन गया था जिससे मरीज के शरीर के अंदर रक्तस्राव हो रहा था। चिकित्सकों ने सफल ऑपरेशन के बाद इस दुर्लभ मामले का अध्ययन किया जिसे इंटरनेशनल सर्जरी जर्नल में प्रकाशित किया है। सर्जरी और गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग की संयुक्त टीम ने यह ऑपरेशन किया। टीम में डॉ. दिनेश के. भूरिया, डॉ. शिखा सूद, डॉ. अदिति शर्मा, डॉ. विशाल बोध और डॉ. विपिन कुमार शामिल रहे। चिकित्सकों के अनुसार मरीज शराब के सेवन के कारण क्रोनिक कैल्सीफिक अग्नाशयशोथ से पीड़ित था। इसे उल्टी में खून आने और काले रंग का मल आने की शिकायत थी। जांच के लिए आईजीएमसी पहुंचने पर उसकी स्थिति गंभीर पाई गई जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया। शुरुआती जांच और सीटी स्कैन में आमाशय की दीवार के पास एक गांठ दिखाई दी। पहली नजर में यह गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्ट्रोमल ट्यूमर (जीआईएसटी) यानी कैंसर जैसी गांठ प्रतीत हो रही थी। चिकित्सकों ने जब एक्सप्लोरेटरी लैपरोटॉमी सर्जरी की तो वास्तविक स्थिति सामने आई। ऑपरेशन के दौरान अग्नाशय में 25 एमएम की बड़ी पथरी मिली। पथरी के लगातार दबाव और घर्षण के कारण आमाशय की पिछली दीवार में छेद हो गया था। इससे अग्नाशय और आमाशय के बीच असामान्य रास्ता बन गया था जिसे पैंक्रियाटिको-गैस्ट्रिक फिस्टुला कहा जाता है। इस रास्ते से रिसाव और रक्तस्राव होने के कारण मरीज की स्थिति गंभीर हो गई थी।
ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने फिस्टुला को अलग किया और आमाशय के प्रभावित हिस्से को काटकर बाहर निकाला। इसके बाद अग्नाशय की नलिका को खोलकर उसमें मौजूद पथरी को निकाला गया। यह एक जटिल शल्य प्रक्रिया थी, जिसे टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया। सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि अग्नाशय की पथरी के कारण आमाशय की दीवार में छेद होना और फिस्टुला बनना बेहद दुर्लभ स्थिति है। इस मामले में गांठ कैंसर जैसी दिखाई दे रही थी लेकिन ऑपरेशन के बाद वास्तविक कारण का पता चला। चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक सर्जरी कर मरीज का उपचार किया।