आईजीएमसी के डॉक्टरों ने बचा ली जान
मरीज को स्वस्थ होने के बाद दी छुट्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) के डॉक्टरों ने ऑपरेशन और इंटर पोजीशन जंप ग्राफ्ट कर एक मरीज की जान बचाई है।
अस्पताल में करीब 14 घंटे तक यह ऑपरेशन चला है। अब मरीज की हालत में सुधार है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद चिकित्सक मरीज पर निगरानी रखे हुए हैं। आईजीएमसी के कैंसर सर्जन डॉ. रशपाल ठाकुर ने बताया कि रोहड़ू से रेफर 38 साल के व्यक्ति को घोड़े ने पेट में लात मार दी थी। मरीज का जब सीटी स्कैन किया तो पेंक्रियाज बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आया। इसके अलावा मरीज को जन्मजात कंजेनाइटल अनामोली सिलियक एक्सेस स्टेनोसिस बीमारी थी। इसमें इंसान की खून सप्लाई की नसें सिकुड़ी हुई होती हैं। इस कारण इमरजेंसी में मरीज की व्हिपल सर्जरी और इंटर पोजीशन जंप ग्राफ्ट किया गया। डॉ. रशपाल ने बताया कि दोनों ऑपरेशन काफी जटिल थे। लेकिन दोनों ऑपरेशन के सफल होने के बाद 12 दिन बाद मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी है। डॉ. रशपाल ठाकुर ने बताया कि इस तरह के ऑपरेशन करने के लिए मरीज को पहले बाहरी राज्यों में भेजा जाता था लेकिन अब आईजीएमसी में इस सुविधा के मिलने के बाद मरीज को राहत मिलना शुरू हो गई है।
ऑपरेशन में यह टीम रही शामिल
आईजीएमसी के कैंसर सर्जन डॉ. रशपाल ठाकुर, रजिस्ट्रार डॉ. सुनील नेगी, डॉ. मुसलिया, डॉ. अमित, डॉ. फाहिम, सीटीवीएस विभाग के डॉ. प्रवीण धौलटा, डॉ. राजेश चोपड़ा, एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. सोनम सर्जरी टीम में शामिल रहे। व्हिपल सर्जरी में मरीज का औसत खर्चा 3 से 6 लाख के बीच में आता है। बड़े शहरों में इसका खर्चा 7 लाख तक आ सकता है।