श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। श्री नयनादेवी जी के सलोआ पंचायत घर को सील करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर पूर्व प्रधान और उसका पति व सहायक जेई पंचायत घर के अंदर बैठे हुए थे। जैसे ही लोगों को इसकी भनक लगी कि पूर्व प्रधान पंचायत घर में हैं तो उन्होंने तुरंत कार्यकारी एसडीएम हुस्न चंद और पुलिस को फोन कर दिया। कार्यकारी एसडीएम सूचना मिलते ही पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व प्रधान से पूछा कि वे पंचायत घर में क्या कर रहे थे। बता दें कि अभी हाल ही में पंचायत सलोआ के चुनाव हुए हैं। अभी आचार संहिता लगी हुई है। ऐसे में पूर्व प्रधान और उसके पति व सहायक जेई पंचायत घर में क्या कर रहे थे? इस पर लोगों ने सवाल उठाया है। हालांकि वहां पर पंचायत सचिव नहीं थे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने पंचायत घर को तुरंत सील कर दिया।
एसडीएम हुस्न चंद ने कहा कि इस बारे में ग्रामीणों ने जानकारी दी थी। कहा कि जब वह मौके पर गए तो पूर्व प्रधान पंचायत में मौजूद मिलीं। आचार संहिता लगी हुई है। ऐसे में उन्हें वहां पर नहीं बैठना चाहिए था। बीडीओ को जांच के आदेश दे दिए हैं। पंचायत के रिकार्ड के साथ कोई छेड़छाड़ तो नहीं हुई है इसके बारे में जांच होगी। अगर छेड़छाड़ हुई होगी तो कार्रवाई की जाएगी।