प्रदेश के 50 शहरी निकायों के चुनाव के लिए अब 500 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। अभी तक इन बूथों की संख्या 462 तक सीमित थी। जितने पोलिंग बूथ बनेंगे, उतनी ही इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की व्यवस्था की गई है। इतनी ही ईवीएम स्टैंड बाई भी रखी जा रही हैं ताकि मतदान के समय कोई दिक्कत न आए। शहरी निकायों में कुछ वार्ड काफी बड़े हैं। इस कारण से वहां दो बूथ बनाने पड़े हैं। मतदान से पहले कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सेनीटाइज करना अनिवार्य है।
हिमाचल चुनाव आयोग राज्य के पचास शहरी निकायों जिनमें 29 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतों के वार्ड सदस्यों का चुनाव होना है। शहरी निकाय चुनाव के लिए 10 जनवरी की सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान का समय तय कर रखा है। शाम चार बजे के बाद आम वोटरों का मतदान खत्म होने के बाद आयोग ने कोरोना संक्रमित और होम क्वारंटीन वोटरों के लिए वोट डालने के वास्ते एक घंटे का समय निर्धारित रखा है।
राज्य चुनाव आयोग ने जिला के चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह मतगणना के लिए कितनी टेबल लगाना चाहते हैं। इस दौरान कितने कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएं, यह फैसला लेने के लिए वह स्वतंत्र हैं। राज्य चुनाव आयोग के चुनाव अधिकारी संजीव महाजन ने कहा कि शहरी निकाय चुनाव के लिए पांच सौ बूथ बने हैं। मतगणना के लिए लिए कितनी मेज लगानी है और कितने कर्मचारी लगाने हैं, यह जिला अधिकारी तय करेंगे।