सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच खराब माहौल में पाक साहित्यकारों को हिमाचल आने की अनुमति नहीं मिली है। सुरक्षा कारणों का हवाला देकर पाक एंबेसी ने उन्हें यहां आने से रोक दिया है। पाक साहित्यकारों को कसौली में 14 से 16 अक्तूबर तक चलने वाले खुशवंत सिंह लिटफेस्ट में शामिल होना था।
खुशवंत सिंह के बेटे राहुल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। राहुल ने बताया कि पाकिस्तानी मेहमानों को निमंत्रण भेजा था। वे आने को तैयार थे, लेकिन पाक एंबेसी से उन्हें अनुमति नहीं मिली। राहुल ने बताया कि उन्होंने फोन पर पाक साहित्यकारों से बात की है। उनकी शुभकामनाओं के साथ शुक्रवार को पांचवें खुशवंत सिंह लिटफेस्ट का शुभारंभ सीएम वीरभद्र सिंह करेंगे।
लिटफेस्ट के लिए कसौली का मंच सज चुका है। लेकिन भारत के साथ जिस पाकिस्तान की मिट्टी में सरदार जी की रूह बसती है, वहां के मेहमान चाहकर भी यहां नहीं आ सकेंगे। सदी के महान लेखक खुशवंत सिंह ने अपने साहित्यिक मंच के जरिये हमेशा दोनों देशों के
बीच जो मिठास घोलने की कोशिश की, उस रंग से लिटफेस्ट बेरंग रहेगा। लेकिन सरहद की तपिश से भारत-पाक और कश्मीर के मुद्दों से लिटफेस्ट जरूर गर्ममाएगा। लिटफेस्ट के दौरान उड़ी आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
पाक-भारत और कश्मीर पर होगी चर्चा
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ओमर अबदुल्लाह लिटफेस्ट में भाग लेने के लिए कसौली पहुंच गए हैं।
कसौली में शुक्रवार से शुरू हो रहे खुशवंत सिंह लिटफेस्ट के पहले दिन सुहेल सेठ, गीतांजलि चंदा, मोंटेंक सिंह आहलुवालिया और पवन वर्मा बिग खुशवंत सिंह पर चर्चा करेंगे। उसके बाद राहुल पंडिता, दिलीप साइमन और अमर अब्दुल्ला हरिंद्र बवेजा के साथ कश्मीर क्राई द बिलव्ड कंट्री पर बोलेंगे।
फिल्मकार श्याम बेनेगल और अभिनेता दिलीप ताहिल, अनिल धरकर के साथ बायस्कोप ब्रेकिंग बैरियर विषय पर चर्चा करेंगे। बेगम जकिया जहीर, सैय्यदा हमीद और रेने सिंह आएं, हाथ बढ़ाए हम पर चर्चा करेंगे। दूसरे दिन के सेशन में शिव कुनाल वर्मा मरूफ राजा के साथ 1962 द वार दैट वाज नॉट विषय पर चर्चा करेंगे। वेंकट धुलिपला पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के साथ क्रिएटिंग ए न्यू मेडिना एन आइडिया ऑफ पाकिस्तान पर चर्चा करेंगे।
पवन वर्मा, मधु किशवर, कन्हैया कुमार और जनरल अटा हसनैन नेशनलिज्म के अलावा हैज मैनी फेसिस पर संवाद करेंगे। अमरदीप सिंह, रूपिंदर सिंह के साथ लॉस्ट हेरिटेज द सिख लिगेसी इन पाकिस्तान पर चर्चा करेंगे। डॉ. राकेश कंवर राजा भसीन के साथ ब्रेकिंग
जियोग्राफिक, पॉलिटिकल, स्प्रिचुअल वॉरियर्स इन हिमाचल पर चर्चा करेंगे। फेस्ट के अंतिम दिन (रिटायर्ड) लेफ्टिनेंट जनरल मोहिंद्र पुरी, रिटायर्ड जनरल अता हसनैन और लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह कारगिल टर्निंग द टाइड पर चर्चा करेंगे।