शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक बैंटनी कैसल में आयोजित तीन दिवसीय शिमला कला महोत्सव का सोमवार को समापन हुआ। इस दौरान देश भर से आए चित्रकारों के बनाए चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। समापन कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबाेध सक्सेना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आम दर्शकों, कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर चित्रों की सराहना की। इसमें देशभर से 15 और हिमाचल के 5 प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन राज्य स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी के लिए किया गया। कला महोत्सव में 450 लोगों ने ओपन श्रेणी, 15 स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों, 40 फाइन आर्ट कॉलेज के विद्यार्थियों और 20 हिमाचल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। अंत में मुख्यअतिथि ने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाषा एवं संस्कृति विभाग के सचिव राखिल कोहलों, निदेशक रीमा कश्यप, संयुक्त निदेशक भानु गुप्ता, संग्रहालय अध्यक्ष हरी चौहान, नरेंदर कुमार, हिमाचल विश्वविद्यालय से हिम चटर्जी, फाइन आर्ट कॉलेज की प्रधानाचार्य कामायनी, जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा, परीक्षण अधिकारी गगन खन्ना, विकास बन्याल, अंजना गुलेरिया और नीरज ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।