फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pahalgam Terror Attack: आतंकी हमले के विरोध में दूसरे दिन भी बंद रहे कई बाजार, लोगों ने निकाली रोष रैली

Fri, 25 Apr 2025 02:56 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला/सोलन/कांगड़ा

सार

आतंकी हमले में निर्दोषों की हत्या के विरोध में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में दूसरे दिन भी सुबह कई बाजार बंद रहे। 
विज्ञापन
सोलन में बंद रहा बाजार। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोषों की हत्या के विरोध में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में दूसरे दिन भी सुबह 11:00 बजे तक कई बाजार बंद रहे। सोलन के कारोबारियों ने सुबह 11:00 बजे तक बाजार बंद रखा। इस दौरान होटल, ढाबे, दूध, ब्रेड समेत कई दुकानें भी बंद रहीं। इससे पहले गुरुवार को जिलेभर में प्रदर्शन हुए। बद्दी में देरशाम कारोबारियों ने मशाल जुलूस निकाला। अर्की बाजार बंद रहा था। वहीं सोलन और नालागढ़ में कारोबारियों व हिंदू संगठनों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका था।

विज्ञापन

पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में बंद रहा थुरल बाजार
बाजार कमेटी थुरल, पूर्व सैनिक कल्याण समिति व स्थानीय हिंदू संगठनों ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम हिल स्टेशन में हिंदुओं पर हुए आतंकवादी हमले के विरोध में शुक्रवार को पूरा बाजार 11:00 बजे तक बंद रखा। थुरल के दुकानदारों, हिंदू संगठनों, पूर्व सैनिक कल्याण समिति और विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित थुरल बाजार में विशाल प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए।

कांग्रेस आज निकालेगी कैंडल मार्च
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के सम्मान में और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रदेश कांग्रेस शुक्रवार को शिमला में कैंडल मार्च निकालेगी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल शिमला पहुंची हैं। कैंडल मार्च में सह प्रभारी चेतन चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, विधायक, शिमला नगर निगम के महापौर, उपमहापौर सहित सभी पार्षद, अग्रणी संगठनों के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। कैंडल मार्च शाम 6:30 बजे शेरे पंजाब से शुरू होकर रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सम्पन्न होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए इस कैंडल मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है।

पहलगाम हमले के विरोध में भुंतर में फूंका पाकिस्तान का पुतला 
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में कुल्लू जिल्रे के भुंतर में प्रदर्शन किया गया। लोगों ने पाकिस्तान कए पुतले जलाते हुए खूब रोष प्रकट किया और केंद्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की। भुंतर में शुक्रवार को पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे गूंजते रहे और सुबह से भुंतर बाजार भी बंद रहा। व्यापार मंडल भुंतर के प्रधान पंकज सेठी ने बताया कि शुक्रवार को भुंतर शहर में 11:00 बजे तक सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे और इस दौरान इस आतंकी हमले के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के लोगों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश सचिवालय परिसर में उनकी याद में दो मिनट का मौन रखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम राज्य सचिवालय और सभी उपायुक्त कार्यालयों में कायरतापूर्ण आतंकी हमले में मारे गए सभी लोगों के सम्मान में मौन रख रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।  इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक अनुराधा राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, हिमाचल प्रदेश सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

 

ज्वालामुखी में पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में भाजपा ने निकाली रोष रैली
 ज्वालामुखी में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में भाजपा ने शुक्रवार को ज्वालामुखी में रोष प्रदर्शन किया। यह रैली भाजपा कार्यालय भाटी बोहन से आरंभ होकर मुख्य बस स्टैंड तक निकाली गई, जिसका नेतृत्व पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, भाजपा देहरा संगठनात्मक जिला अध्यक्ष अजय खट्टा, भाजपा ज्वालामुखी मंडल अध्यक्ष सरोज कुमारी, भाजपा खुंडिया मंडल अध्यक्ष संजय राणा, राम स्वरूप शास्त्री, विजय मेहता सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया। रैली में शामिल लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मंदिर मार्ग पर पाकिस्तान का पुतला जलाया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने इस मौके पर कहा कि यह नृशंस हमला निंदनीय है। आतंकियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। इस दौरान हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

पाकिस्तान के पुतले को जूतों से पीटा, जमकर नारेबाजी
कश्मीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले के विरोध में चिंतपूर्णी में हुई रोष रैली में स्थानीय लोगों के साथ किन्नर समाज के लोग भी शामिल हुए। उन्होंने भी अपना रोष व्यक्त करते हुए मर गया पाकिस्तान, मुर्दाबाद पाकिस्तान के नारे लगाए। पाकिस्तान के पुतले को जूतों से पीटा।  किन्नर कशिश महंत ने इस मौके पर कहा कि पहलगाम में आंतकियों ने जो कायरतापूर्ण हरकत की है और कई हमारे हिंदू भाइयों को मौत के घाट उतारा है, उसी को लेकर आज रोष रैली निकाली गई है। कशिश महंत ने कहा पाकिस्तान ऐसी हरकतों को बंद कर दे नहीं तो इसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। जिला बार एसोसिएशन ऊना ने भी रैली निकाली।  

पहलगाम आतंकी हमला निंदनीय: मुकेश अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले कि निंदा की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल में इस तरह की घटना से आज पूरा देश निराश है। इसे लेकर कांग्रेस हाईकमान की भी बैठकें चली हुई हैं। कहा कि रणनीति बनाई जा रही है ताकि जिस प्रकार हमला हुआ ठीक उसी प्रकार जवाब दिया जाए। उपमुख्यमंत्री सोलन में तहसील समिति की ओर से दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार व्यावसायिक भवन का उद्घाटन करने पहुंचे। लोग निर्माण विभाग के विश्राम गृह में रुकने के बाद वे उद्घाटन स्थल गए। 

आतंकी हमले के विरोध में दो घंटे बंद रहा रिवालसर बाजार
आतंकी हमले में पर्यटकों  की हत्या के विरोध में रिवालसर व्यापार मंडल ने बाजार को दो घंटे बंद रखा । रिवालसार बाजार 9 बजे से 11 बजे तक बंद रहा।  सभी  व्यापारियों व आम लोगों ने इस हमले की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की । लोगों ने रिवालसर बस स्टैंड में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि  दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा । इसके बाद सभी व्यापारियों व आम लोगों ने रिवालसर बस स्टैंड से अस्पताल होते हुए शांति चौक और फिर वापस बस स्टैंड तक कैंडल मार्च निकाला । प्रदर्शन में रिवालसर व्यापार मंडल, रिवालसर लोमस टैक्सी ऑपरेटर यूनियन, रिवालसर जीप यूनियन, रिवालसार होटल एसोसिएशनस व आम लोगों ने भाग लिया । रिवालसर व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश शर्मा ने बताया कि पाकिस्तान पर सैन्य कार्यवाई के बिना सीमा पार बैठे आंतकी आकाओं का सफाया करना मुमकिन नहीं । केंद्र सरकार को शीघ्र कड़ा कदम उठाते हुए पहलगाम का बदला लेना चाहिए ।

बंगाणा में आतंकवाद के खिलाफ विधायक विवेक शर्मा के नेतृत्व में निकाला कैंडल मार्च
आतंकी हमले के विरोध में विधायक विवेक शर्मा के नेतृत्व में एक कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों ने भारी संख्या में भाग लेकर आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाई। मार्च के दौरान पाकिस्तान और आतंकवाद के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी करते राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि निर्दोष और निहत्थे लोगों पर किया गया आतंकी हमला न केवल घृणित है, बल्कि कायरता की चरम सीमा भी है। देश इन हमलों को कभी नहीं भूलेगा। हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि इस कायराना हमले का सख्त और निर्णायक जवाब दिया जाए।  इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव  देसराज  मोदगिल, प्रदेश कांग्रेस सचिव देसराज गौतम, जिला परिषद सदस्य सत्या देवी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा, सहित कई पूर्व सैनिक, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
विज्ञापन

ददाहू में निकाली रोष रैली
कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में शुक्रवार को सामाजिक संगठनों, धर्म जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद व भाजपा कार्यकर्ताओं सहित एकल भारत अभियान के सदस्यों ने ददाहू बाजार में रोष रैली निकाली और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए प्रदर्शनकिया और इस घटना की कडे़ शब्दों में निंदा की।   इससे पूर्व सैकड़ों कार्यकर्ता स्थानीय सती का बाग में एकत्रित हुए और ददाहू बाजार से होती हुई रैली निकाली। मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही मृतकों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखा गया। इस मौके पर ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग, नंदलाल शर्मा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें