ऊना जिला के टाहलीवाल मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्वीफ्ट कार ने एक खड़ी कार को टक्कर दे मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी खड़ी कार पलट कर सड़क से लगभग सात फीट नीचे जा गिरी। इस हादसे में दो प्रवासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें नाजुक हाल में पंजाब के नंगल स्थित बीबीएमबी रेफर कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम टाहलीवाल से संतोषगढ़ की ओर जा रही एक स्वीफ्ट कार ने स्वां नदी के पुल के पास पैदल जा रहे एक प्रवासी युवक व महिला को रौंद दिया।
उसके बाद बेकाबू कार सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराई। स्वीफ्ट कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद खड़ी कार सड़क से पलटे खाकर सात फीट नीचे खेतों में जा गिरी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई, लेकिन स्वीफ्ट कार चालक मौके से फरार हो गया। उधर, घटना के बाद गंभीर रूप से दोनों घायलों को नंगल स्थित बीबीएमबी अस्पताल भेजा गया है।
घायलों की पहचान 50 वर्षीय विशेषर और 45 वर्षीया सुनीता के रूप में हुई है जो संतोषगढ़ एएनएम स्कूल के पास झुग्गियों में रहते हैं। उधर, संतोषगढ़ चौकी प्रभारी सुशील गुलेरिया ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।