शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के परिचालकों को 20 वर्ष की निरंतर सेवा पूरी करने पर मिलने वाली दो विशेष वेतनवृद्धियां सरकार ने बंद कर दी हैं। सरकार की ओर से इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं। आदेश जारी होने के बाद परिचालकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। साथ ही सरकार से इन आदेशों को वापस लेने की मांग उठाई है। प्रदेश एचआरटीसी परिचालक संघ ने इस संबंध में प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपा है। संघ के महासचिव दीपेंद्र कुमार ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से प्रबंध निदेशक को अवगत करवाया गया है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम में सरकार और प्रबंधन की ओर से पिछले कई वर्षों से परिचालकों को 20 वर्ष की निरंतर सेवा पूरी करने और इस दौरान पदोन्नति न मिलने की स्थिति में दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियां दी जाती रही हैं। उन्होंने कहा कि परिचालकों को करीब 25 वर्ष की सेवा के बाद पदोन्नति मिलती है। इस दौरान वे दिन-रात अपनी सेवाएं देते हैं। परिचालकों के इसी लंबे सेवा संघर्ष और जिम्मेदारियों को देखते हुए पूर्व में सरकार और निगम प्रबंधन ने उन्हें दो विशेष वेतनवृद्धियां देने का प्रावधान किया था। संघ ने प्रबंध निदेशक से मांग की है कि इन आदेशों को दो दिसंबर से पहले वापस लिया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश वापस नहीं लिए गए तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके अलावा परिचालकों ने ओवरटाइम और रात्रि भत्ते का समय पर भुगतान करने, जीपीएफ की राशि कर्मचारियों के खातों में समय पर जमा करने और उसकी अदायगी सुनिश्चित करने तथा हर माह की पहली तारीख को वेतन जारी करने सहित अन्य मांगें भी उठाई हैं। ब्यूरो