कृषि विवि पालमपुर में प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया आरंभ
चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ कर दी है। इसमें एनआरआई, विदेशी नागरिकों समेत सभी श्रेणियों के उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विश्वविद्यालय का पोर्टल 24 जुलाई से खुलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत विवरण, योग्यता, सीटों की संख्या और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के वेटरनरी कॉलेज में बीवीएससी और एएच पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए एनईईटी-2025 में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। वहीं बीएससी (ऑनर्स) कृषि और बीटेक (फूड टेक्नोलॉजी) पाठ्यक्रमों में सीयूईटी-2025 की प्रवेश परीक्षा के स्कोर के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
स्नातकोत्तर कोर्सों में एमएससी एग्रीकल्चर, एमवीएससी, एमएससी कम्युनिटी साइंस और बेसिक साइंस में प्रवेश आईसीएआर एआईईईए-2025 के स्कोर कार्ड के आधार पर होगा। पीएचडी में प्रवेश के लिए आईसीएआर एआईईईए जेआरएफ/एसआरएफ-2025 के अंकों को मान्यता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त बीएससी (ऑनर्स और ऑनर्स रिसर्च के साथ), फिजिकल साइंस (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स), लाइफ साइंस (बॉटनी, जूलॉजी, केमिस्ट्री), कम्युनिटी साइंस और हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट आधार पर दिया जाएगा।