हिमाचल के नालागढ़ में रविवार देर रात दभोटा की तरफ जा रही एक ऑल्टो कार एक कैंटर से जा टकराई। हादसे में चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार दो अन्य को गंभीर चोटें पहुंची हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक थाना नालागढ़ की दभौटा चौकी के अधीन रविवार रात एक कार कैंटर के साथ सामने से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चालक कुलबीर सिंह (30) मदन गांव दभोटा के रूप में हुई। दो अन्य गंभीर घायलों में दभोटा गांव के ही अमन और जगबीर शामिल हैं।
आल्टो कार नंबर एचपी 12एफ-3933 में तीनों दोस्त अपने एक अन्य साथी को अंबाला छोड़कर वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान नालागढ़ से दभोटा जाते हुए नसराली के पास कार और कैंटर नंबर पीबी 07-एएफ 4161 में जोरदार टक्कर हो गई।
एसपी बशेर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इस संबंध में धारा 304 व 279 के तहत मामला दर्जकर जांच की जा रही है। हादसे में चालक की मौत हुई है, दो गंभीर घायल पीजीआई रेफर किए हैं। शव का नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।