शाहपुर के बोह में निजी विद्युत परियोजना की टनल में काम करते समय दम घुटने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों ही कामगार चंबा जिला के सिहुंता निवासी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बोह स्थित लैंको थर्मल पावर लिमिटेड कंपनी की विद्युत परियोजना में वीरवार शाम को कंपनी के कर्मचारी प्रोजेक्ट की टनल की डी-वाटरिंग कर रहे थे। इस दौरान टनल में जरनेटर लगाया गया था, जैसे ही तिलक राज (33) निवासी बिहोरा सिहुंता जिला चंबा और संजय कुमार (34) पुत्र जिगरी सिंह निवासी बिहोरा सिहुंता जिला चंबा टनल के अंदर गए, तो वे दम घुटने से बेहोश हो कर गिर गए।
कुछ समय से यह विद्युत परियोजना बंद पड़ी थी। इसे सुचारु रूप से चलाने के लिए हर रोज दोनों कर्मचारी टनल में जाकर इसमें हो रहे पानी के रिसाव को पंप की सहायता से बाहर निकालते थे, लेकिन वीरवार को दोनों मजदूर टनल में ज्यादा समय रुकने के कारण अंदर बनी गैस की चपेट में आ गए।
तुरंत अन्य कर्मचारी बचाव में आए और दोनों को बाहर निकाला। दोनों को तुरंत शाहपुर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने तिलक राज को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजय कुमार की गंभीर हालत को गंभीर देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस थाना शाहपुर के प्रभारी हेमराज शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, एसडीएम शाहपुर जगन ठाकुर ने कहा कि पीड़ित के परिजनों को शीघ्र ही मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।