कारगिल युद्ध पर आधारित वृत्तचित्र का होगा प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। कारगिल विजय दिवस पर 26 जुलाई को बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और उनके शौर्य गाथा को वृत्तचित्र के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
जिला प्रशासन शिमला की ओर से कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में 26 जुलाई को बचत भवन शिमला में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में कारगिल युद्ध के बलिदानियों और वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस दौरान बलिदानियों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को समारोह को सफल और गरिमामयी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति शपथ भी दिलाई जाएगी। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा और पूर्व सैनिक अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा मिलेगी। उपायुक्त ने बरसात के मौसम को देखते हुए सभी उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कारगिल वीरों के परिजनों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए हैं।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला (ग्रामीण), सहायक आयुक्त मंजीत शर्मा और उपनिदेशक सैनिक कल्याण विभाग अतुल चंबियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।