दिल्ली में ओमिक्रॉन वैरिएंट का मामला आने के बाद हिमाचल प्रदेश सरकार की चिंता बढ़ गई है। सोमवार को स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें विदेशों से आने वाले लोगों को 14 दिन तक क्वारंटीन रखने का निर्णय गया। विभाग को कोरोना के ज्यादा से ज्यादा सैंपलिंग करने के निर्देश दिए गए। आगामी कैबिनेट की बैठक में ओमिक्रॉम वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य सचिव और शिक्षा सचिव अलग-अलग प्रस्तुति देंगे। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि यह वैरिएंट डेल्टा से सात गुणा तेजी से फैलता है। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के सैंपल लेने के लिए कहा गया है। कोरोना की दूसरी डोज लगाने के बाद जो लोग पॉजिटिव आ रहे हैं, उनके सैंपल भी जांच के लिए दिल्ली भेजे जाएं। नए वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिलों में टीमें गठित की हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है।
विदेशों सै लौटे 36 लोग आइसोलेट, चार के लिए गए सैंपल
जिले में विदेशों से लौटे 36 लोगों को गृह संगरोध में रखा गया है। इनमें से 14 लोग शनिवार तक जिले में पहुंचे थे, जबकि 22 लोग सोमवार तक पहुंचे और इन्हें गृह संगरोध में रखा गया है। उधर गृह संगरोध में सात दिन की अवधि पूरी कर चुके इन 36 में से चार लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं। अगर कोई सैंपल पॉजिटिव आता है तो ऑमिक्रोन के खतरे को भांपते हुए उसका सैंपल जीनोमिक टेस्टिंग के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा जाएगा। उधर, कोविड-19 के नए वैरियंट ऑमिक्रो की आशंका के मद्देनजर जिलाधीश देबश्वेता बनिक ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत विशेष आदेश जारी किए हैं। जिलाधीश ने बताया कि कोविड-19 के नए वैरियंट ऑमिक्रोन के फैलने की आशंका को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विदेश से आने वाले हर व्यक्ति को अपने ग्राम पंचायत या नगर निकायों के पदाधिकारियों, सचिवों एवं कार्यकारी अधिकारियों को सूचित करना होगा। ये पदाधिकारी और अधिकारी तुरंत संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारी को विदेशों से आने वाले लोगों की सूचना देंगे। जिलाधीश ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रतिदिन ऐसे लोगों का डाटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों के अनुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी होम क्वारंटीन में रखे गए लोगों की निगरानी आशा वर्कर्स के माध्यम से सुनिश्चित करेंगे। इनमें से कोई व्यक्ति अगर पॉजिटिव पाया जाता है तो मुख्य चिकित्सा अधिकारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा निर्देशों के अनुसार उपचार शुरू करवाना सुनिश्चित करेंगे। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता ने कहा कि विदेशों से लौटे लोग गृह संगरोध में रखे गए हैं। हालांकि इनमें से हाई रिस्क देशों से लौटा कोई भी नहीं है। चार के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे हैं।