शिमला। राजधानी के सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल हिम रश्मि परिसर विकासनगर में शनिवार से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू हुआ। शिविर के शुभारंभ पर रामकृष्ण मारकंडे ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल प्रबंधन के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए उन्हें समाज सेवा, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवियों की ओर से स्वच्छता अभियान, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य दीपक ठाकुर, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी यश पाल, पूजा ठाकुर, जोगेंद्र पाल, पवन कुमार और उगम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। संवाद