सरकारी स्कूलों में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले करीब नब्बे हजार विद्यार्थियों को पीने के पानी के लिए स्टील बोतलों की खरीद अब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड खुद करेगा। शनिवार को अमर उजाला में ‘सीएम की घोषणा के एक साल बाद भी नहीं बंटी स्टील बोतलें’ शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद हरकत में आई अफसरशाही ने यह फैसला लिया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने खाद्य आपूर्ति निगम से स्टील बोतलों की खरीद करवाने का फैसला पलट दिया है।
बोर्ड के सदस्य सचिव ने बताया कि जल्द ही बोतलों की खरीद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की घोषणा के एक साल बाद भी नब्बे हजार स्कूली बच्चों को पानी पीने के लिए स्टील की बोतलें नहीं मिली हैं। साल 2018 में पांच जून को पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों को पानी की बोतलें देने का एलान किया था। सितंबर 2018 में बोतलों की खरीद के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए। अक्तूबर में सात कंपनियों के सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे।
लैब से आई जांच रिपोर्ट में किसी भी कंपनी के सैंपल निगम की ओर से तय किए गए मापदंडों पर खरे नहीं उतरे। ऐसे में टेंडर रद्द कर दिए थे। दोबारा से शुरू हुई टेंडर प्रक्रिया में कंपनियों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई जिसके चलते अभी तक बोतलों की खरीद शुरू नहीं हो सकी। मामले में हो रही देरी के चलते अब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने खुद स्टील बोतलों की खरीद करने का फैसला लिया है।